चतरा। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिमरिया अनुमंडल के पत्थलगड्ढा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रविवार को नावाडीह-गिद्धौर मुख्य सड़क पर भेलवाड़ा मोड़ के समीप कार्रवाई करते हुए 1.028 किलोग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के ब्लॉक मोड़ स्थित ऊपर टोला निवासी संजय ठाकुर उर्फ संतोष ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से अफीम के अलावा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
सोमवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब ने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पत्थलगड्ढा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति रांची से अवैध मादक पदार्थ खरीदकर नावाडीह के रास्ते गिद्धौर की ओर जा रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने भेलवाड़ा मोड़ के समीप एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति वहां से गुजर रहा था, जिसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 1.028 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।
एसडीपीओ ने बताया कि इस संबंध में पत्थलगड्ढा थाना कांड संख्या 63/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट के सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले से जुड़े अन्य लिंक की तलाश और आगे की छानबीन जारी है।
