बोकारो। कोयले की अवैध लूट, भंडारण और तस्करी के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने अक्टूबर महीने में कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा अभियान चलाया। सीआईएसएफ बोकारो करगली यूनिट के समादेष्टा राजप्रताप सिंह के नेतृत्व में पूरे महीने चले इस विशेष अभियान के दौरान तस्करों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए उनकी कमर तोड़ दी गई।

इस कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने 788 टन से अधिक अवैध कोयला बरामद कर सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) को भारी नुकसान से बचाया। साथ ही, तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 115 वाहनों को भी जब्त किया गया।

अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ सीआईएसएफ ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए स्थानीय ग्रामीणों का दिल जीतने का भी काम किया। इस दौरान ग्रामीणों के साथ फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया और बच्चों के बीच पठन-पाठन की सामग्री वितरित कर उन्हें उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति प्रोत्साहित किया गया। सुरक्षा बलों की इस पहल की स्थानीय स्तर पर काफी सराहना की जा रही है।