लातेहार। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सोमवार को चंदवा पहुंचकर क्षेत्र में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों की उच्च-स्तरीय समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया और पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की अद्यतन जानकारी ली।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने उप निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी मेरी मडकी, अंचलाधिकारी सुमित कुमार झा और बीडीओ चंदन प्रसाद से एसआईआर कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त की। कार्यों की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को कई आवश्यक और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा कार्य पूरा होने के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों के साथ स्थानीय बूथ का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चुनावी पुनरीक्षण कार्यों की जमीनी हकीकत को परखा। इस अवसर पर जिले के कई अन्य प्रमुख पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
