रांची। जेपीएससी- जेएसएससी रिफॉर्म मंच के छात्र प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड सहायक कारापाल प्रतियोगिता परीक्षा-2025 (नियमित एवं बैकलॉग) की शारीरिक दक्षता परीक्षा में दौड़ की निर्धारित तिथि को कम-से-कम एक माह आगे बढ़ाने की माँग की है| इसे लेकर उन्होंने मुख्य सचिव, कार्मिक सचिव, पुलिस महानिदेशक एवं आईजी कारा विभाग के नाम ज्ञापन सौंपा। मंच ने ज्ञापन के माध्यम से राज्य सरकार एवं संबंधित विभागों से आग्रह किया है कि अभ्यर्थियों की कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए दौड़ की निर्धारित तिथि को कम-से-कम एक माह आगे बढ़ाया जाए, ताकि सभी अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। मंच के अनुसार, जेएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर शारीरिक दक्षता परीक्षा का कार्यक्रम 28 अक्टूबर से 13 नवंबर तक निर्धारित किया गया है। परीक्षा की तिथियाँ नजदीक होने के कारण अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा है। इस परीक्षा में अभ्यर्थियों को मात्र 6 मिनट में 1600 मीटर की दौड़ पूरी करनी है, जो एक कठिन शारीरिक चुनौती है।

इस स्तर की दौड़ के लिए नियमित अभ्यास एवं शारीरिक तैयारी आवश्यक है। इतनी कठिन परीक्षा की सूचना अभ्यर्थियों को कम-से-कम एक माह पहले दी जानी चाहिए थी, लेकिन दौड़ की निर्धारित तिथि की सूचना परीक्षा से कुछ ही दिन पहले मिलने के कारण हजारों अभ्यर्थियों के सामने तैयारी की समस्या उत्पन्न हो गई है।

छात्र नेता रविन्द्र पासवान ने कहा कि सहायक कारापाल भर्ती की दौड़ के लिए सरकार ने अभ्यर्थियों को तैयारी करने हेतु बहुत कम समय दिया है। इतनी कम अवधि में सूचना मिलने से छात्रों में मानसिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसी दौरान राज्य में अन्य परीक्षाएँ भी निर्धारित हैं, जिससे अभ्यर्थियों की कठिनाइयाँ और बढ़ गई हैं। सरकार को छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए कम-से-कम एक महीने का अतिरिक्त समय देना चाहिए।