देवघर। जिले के सारवां थाना क्षेत्र के घोरपरास जंगल में शुक्रवार को दिन-दहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने कपड़ा व्यवसायी राजेंद्र मंडल से 5.60 लाख लूट लिये। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, कुंडा थाना क्षेत्र निवासी कपड़ा व्यवसायी राजेंद्र मंडल बलियचौकी में अपनी कपड़े की दुकान चलाते हैं। दुर्गा पूजा के दौरान हुई बिक्री का नकद लेकर वे बैंक में जमा कराने घोरपरास स्थित सिंडिकेट बैंक जा रहे थे। इस दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उनकी बाइक का पीछा किया और घोरपरास जंगल में पिस्तौल दिखा कर रोक लिया। दो अलग-अलग बाइकों पर सवार तीन बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर कपड़ा व्यवसायी से सारे कैश लूट लिये। व्यवसायी के मुताबिक, वारदात के बाद बदमाश दो अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले। घटना की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान हो सके। वहीं अपराधियों की धरपकड़ के लिए इलाके में नाकेबंदी भी कर दी गई है।
जिला
ब्रेकिंग
