जामताड़ा / करमाटांड़। जिले के विद्यासागर-मदनकट्टा रेलखंड स्थित नवाडीह-दुर्गापुर के पास (पोल संख्या 271/4, 271/5) शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब रेलवे ट्रैक पर एक प्रेमी युगल के शव बरामद हुए। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार दोनों की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है।

सूचना मिलते ही करमाटांड़ थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।

मृतकों की पहचान करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रिंगोचिंगो गांव निवासी रॉकी कुमार मंडल और नाजिया खातून के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों अलग-अलग समुदाय से ताल्लुक रखते थे और उनके बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों ने शुक्रवार की शाम ही गांव के समीप स्थित एक दुर्गा मंदिर में शादी रचाई थी। शादी के अगले ही दिन शनिवार की सुबह नवाडीह-दुर्गापुर के पास ट्रैक पर दोनों के शव पाए गए।

घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों को जैसे ही इसकी जानकारी मिली, वे भी बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।