रांची । भारतीय जनता पार्टी, झारखंड प्रदेश के प्रवक्ता रविनाथ किशोर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास और जनता के समर्थन से कांग्रेस बौखला गई है। इसी बौखलाहट में राहुल गांधी और कांग्रेस नेता संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता का ध्यान मूल मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रहे हैं।
रविनाथ किशोर ने कांग्रेस के दोहरे रवैये पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव हारने पर कांग्रेस ईवीएम, चुनाव आयोग और वोट चोरी का राग अलापने लगती है, जबकि जीत मिलने पर इन विषयों पर पूरी तरह चुप हो जाती है। जनता अब उनके इस रवैये को भली-भांति समझ चुकी है।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए भाजपा प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि निष्पक्ष चुनाव के लिए मतदाता सूची का पारदर्शी होना बेहद जरूरी है। यह प्रक्रिया कोई नई नहीं है और कांग्रेस शासनकाल में भी अपनाई जाती रही है। बिना ठोस तथ्यों और प्रमाणों के भ्रम फैलाना अनुचित है। उन्होंने 1975 के आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने वाली कांग्रेस का 'लोकतंत्र बचाने' का दावा हास्यास्पद है। लगातार मिल रही हार के बाद हताशा में डूबी कांग्रेस को जनमत स्वीकार कर आत्ममंथन करना चाहिए, न कि संवैधानिक संस्थाओं की साख पर सवाल खड़ा करना चाहिए।
वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर
रांची। 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को लेकर आयोजित होने वाली इंडिया गठबंधन की महारैली की सफलता के लिए प्रदेश कांग्रेस ने कमर कस ली है। इसे लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में कांग्रेस भवन, रांची में पार्टी उपाध्यक्षों, लोकसभा प्रभारी, जिला प्रभारी, विधानसभा प्रभारी एवं सचिवों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी संबंधित पदाधिकारियों से उनके कार्यों की समीक्षा करते हुए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। केशव महतो कमलेश ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा कांग्रेस की प्राथमिकता है। उन्होंने पदाधिकारियों को बूथ स्तर एवं पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने, मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा एसआईआर से जुड़े कार्यों में सक्रियता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ अभियान को गति दें और जनता के बीच जाकर मताधिकार की रक्षा के प्रति जागरुकता फैलाएं।
बैठक में लोकसभा, जिला एवं विधानसभा स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही, आगामी दिनों में अभियान को प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां सुनिश्चित करने तथा बूथ स्तर तक संगठन की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष प्रदीप तुलस्यान, सतीश पॉल मुंजनी, राजेश गुप्ता छोटू सहित जिला प्रभारियों, विधानसभा प्रभारियों तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया।
