गुमला। जिले में पुलिस को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जोनल कमांडर विश्राम कोंगाडी उर्फ मोटा उर्फ सुकरा समेत चार कुख्यात उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से देसी पिस्तौल, बंदूक, जिंदा कारतूस और संगठन के प्रतिबंधित पर्चे बरामद किए गए हैं।
गुमला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) हारिस बिन जमां ने एक प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ उग्रवादी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बसिया, शिव शंकर मराण्डी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कामडारा थाना क्षेत्र के बोंगदा गांव के पास से इन चारों उग्रवादियों को धर दबोचा। गिरफ्तार उग्रवादियों में विश्राम कोंगाडी उर्फ मोटा उर्फ सुकरा (जोनल कमांडर, निवासी-रनिया, खूंटी),अमर सुरीन (निवासी-कामडारा, गुमला),एतवा कोंगाडी उर्फ एतवा मास्टर (निवासी-कामडारा, गुमला) और अर्पित तोपनो उर्फ बेंदा (निवासी-बंदगांव, पश्चिमी सिंहभूम) शामिल है। पुलिस के अनुसार इन सभी उग्रवादियों का गुमला के अलावा सिमडेगा और खूंटी समेत कई अन्य जिलों में भी लंबा और गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है।
