मेदिनीनगर। नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के शाहपुर टोला (मंगराडीह) में 21 अक्टूबर को हुई एक वृद्ध की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अंधविश्वास और डायन-बिसाही के शक में इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।

मृतक की पहचान सीताराम (पिता- स्वर्गीय छठन राम, निवासी शाहपुर टोला, मंगराडीह) के रूप में हुई है। परिजनों ने आशंका जताई थी कि उनकी हत्या डायन-बिसाही के आरोप में की गई है।

अनुसंधान के दौरान पुलिस को पता चला कि महंग राम के 23 वर्षीय पुत्र विवेक कुमार की तबीयत कुछ दिनों से खराब थी और रांची में इलाज के दौरान 20 अक्टूबर की रात उसकी मौत हो गई थी। विवेक की मौत के बाद उसके चाचा सोनू राम और अन्य परिजनों को शक था कि सीताराम द्वारा डायन-बिसाही (जादू-टोना) कराए जाने के कारण ही उसकी जान गई है। इसी अंधविश्वास के आवेश में आकर सीताराम की गला घोंटकर और टांगी से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई।

छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने प्रेस वार्ता में पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मुख्य अभियुक्त सोनू राम को 22 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया।

अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी के बेंट वाली टांगी को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि यह पूरी घटना पूरी तरह से अंधविश्वास और डायन-बिसाही के शक पर आधारित थी।