रांची। 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत शुक्रवार को झारखंड ऑब्जर्वर एवं राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए। रांची स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने लोकतंत्र और देश के नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान की विस्तृत जानकारी दी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में फूलो देवी नेताम ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकतंत्र और देश के नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के उद्देश्य से इस अभियान की शुरुआत की है। राहुल गांधी ने साक्ष्यों और तथ्यों के साथ ऐसे मुद्दों को देश के सामने रखा है, जिन पर गंभीरता से विचार करने और जवाबदेही तय करने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस प्रखंड, जिला और प्रदेश स्तर पर बैठकों, प्रेस कॉन्फ्रेंसों और जनजागरण कार्यक्रमों के माध्यम से जनता को मतदाता सूची की गड़बड़ियों और वोट चोरी के आरोपों के प्रति जागरूक कर रही है।सांसद नेताम ने घोषणा की कि 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत 1 नवंबर को दिल्ली में एक विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा। इस मेगा रैली में कांग्रेस नेतृत्व के साथ इंडिया गठबंधन के तमाम घटक दलों के शीर्ष नेता शामिल होंगे। यह रैली लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए विपक्षी दलों की साझा प्रतिबद्धता को देश के सामने रखेगी।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि पिछले दिनों दिल्ली में हुई इंडिया गठबंधन की बैठक में इस अभियान को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई थी। उसी के तहत देशभर में कार्यक्रम हो रहे हैं और झारखंड से भी बड़ी संख्या में पार्टी के नेता व कार्यकर्ता 1 नवंबर की दिल्ली रैली में हिस्सा लेंगे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका पर उठ रहे सवाल गंभीर हैं। चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है, इसलिए उसकी जिम्मेदारी बनती है कि वह तथ्यों के साथ स्थिति स्पष्ट करे और जनता की शंकाओं का समाधान करे। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि एसआईआर की मौजूदा प्रक्रिया और मतदाता सूची की शुद्धता को लेकर जो सवाल खड़े हो रहे हैं, उनका पारदर्शी जवाब चुनाव आयोग को देना चाहिए।
इस अवसर पर राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी समेत कई अन्य प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
