बोकारो। जिले के युवाओं के लिए रोजगार का एक और सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला प्रशासन ने बोकारो में होमगार्ड के 199 रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया तेज कर दी है। इन पदों के लिए 12 नवंबर को आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाएगा।
उपायुक्त अजय नाथ झा ने जानकारी देते हुए बताया कि छात्रों के साथ पूर्व में हुए संवाद के दौरान होमगार्ड नियुक्ति को लेकर एक निश्चित समय-सीमा तय की गई थी। उस समय यह आश्वासन दिया गया था कि दीपावली से लेकर छठ पर्व से पहले विज्ञापन प्रकाशन से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी। इसी वादे के अनुरूप प्रशासन ने 12 नवंबर को विज्ञापन जारी करने का बड़ा निर्णय लिया है।
चौकीदार के पदों को लेकर पूछे गए सवाल पर उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिले में चौकीदार के रिक्त पदों की संख्या पांच से कम है। यही कारण है कि फिलहाल चौकीदार के पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं की जा रही है।
पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संपूर्ण नियुक्ति प्रक्रिया को पूरी तरह से पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक योग्य और पात्र अभ्यर्थियों को इसमें निष्पक्ष अवसर मिल सके।
