रांची। राजधानी में होटल और बार की आड़ में चल रही संदिग्ध व अनैतिक गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए रांची पुलिस ने शनिवार देर रात एक व्यापक अभियान चलाया। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर कोतवाली और लालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस टीमों ने आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान कचहरी चौक स्थित एक होटल से पुलिस ने 6 युवतियों और 8 युवकों को हिरासत में लिया है। होटल के मैनेजर और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार होटल में कमरे बुक कर अनैतिक कार्य संचालित किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने रिसेप्शन, एंट्री रजिस्टर और कमरों की बारीकी से जांच की। मौके से कई मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त किए गए हैं। पुलिस सूत्रों का मानना है कि मोबाइल कॉल डिटेल्स और व्हाट्सएप चैट से ग्राहकों और संचालकों के बीच संपर्क के तरीकों का खुलासा होगा।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कमरों की बुकिंग किसके माध्यम से हुई थी और हिरासत में लिए गए लोगों का आपस में क्या संबंध है। जांच का मुख्य केंद्र यह समझना है कि युवतियों को होटल तक कौन लाता था, ग्राहकों से बुकिंग कैसे होती थी और पैसों का लेन-देन किस माध्यम से किया जाता था। किसी बिचौलिए या संगठित गिरोह की संलिप्तता मिलने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान के तहत कोतवाली और लालपुर इलाके के अन्य होटलों व बार की भी जांच की गई। पुलिस अब होटलों के कस्टमर रिकॉर्ड, पहचान पत्रों के सत्यापन और सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सरकारी नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा था या नहीं।
