रामगढ़। जिले में संगठित अपराध पर पूरी तरह अंकुश लगाने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के खिलाफ रामगढ़ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह से जुड़े दो कुख्यात अपराधियों के विरुद्ध झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम, 2002 (सीसीए) के तहत कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत एक अपराधी के विरुद्ध नया निरुद्धादेश पारित किया गया है, जबकि दूसरे अपराधी के निरुद्धादेश की अवधि को विस्तारित किया गया है।

पुलिस का मुख्य उद्देश्य जिले में संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, अपराधियों की गतिविधियों को रोकना और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखना है।

पुलिस के अनुसार राहुल दुबे गिरोह से जुड़े सुजीत डोम उर्फ सुजीत राम (पिता- स्वर्गीय अर्जुन राम, निवासी- रिवर साइड बुद्धबाजार, थाना- पतरातू/भुरकुंडा, जिला- रामगढ़) के विरुद्ध झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम, 2002 के तहत निरुद्धादेश पारित किया गया है।

वहीं, तुषार मिश्रा उर्फ शोम्या मिश्रा (पिता- स्वर्गीय राजकुमार मिश्रा, निवासी- मिश्रा टोला, मरार, थाना- रामगढ़, जिला- रामगढ़) के विरुद्ध पूर्व में जारी निरुद्धादेश की अवधि को बढ़ा दिया गया है।

रामगढ़ पुलिस ने कड़े शब्दों में स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार के संगठित आपराधिक गिरोहों को पनपने नहीं दिया जाएगा। असामाजिक तत्वों और अपराधियों के विरुद्ध यह सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।