बोकारो। राष्ट्र सेविका समिति की लक्ष्मीबाई शाखा, बालिडीह की ओर से विजयादशमी के पावन अवसर पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम धूमधाम और श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समिति की बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान शस्त्र पूजन के माध्यम से शक्ति, साहस, आत्मरक्षा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में मातृशक्ति प्रमुख रुपाली अग्रवाल ने उपस्थित सेविकाओं को संबोधित करते हुए संगठन, संस्कार और राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका अहम है। महिलाओं को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं और मूल्यों के संरक्षण के साथ-साथ समाज में जागरूकता, एकता और सेवा भाव को बढ़ावा देने के लिए आगे आना चाहिए। संगठन के माध्यम से महिलाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना मजबूत होती है।

कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी सीमा सिंह ने निभाई। ध्वज वहन का दायित्व पूनम कुमारी ने संभाला। ईशा ने प्रार्थना प्रस्तुत की, जबकि सलोनी ने श्लोक पाठ किया। अंशिका ने अमृत वचन प्रस्तुत कर कार्यक्रम को गरिमामय बनाया।

विजयादशमी के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने राष्ट्रीय चेतना, संगठन शक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही राष्ट्र सेवा और सामाजिक दायित्वों के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया गया।