रामगढ़। रामगढ शहर के होटल ला मैरिटल में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ज्योतिरादित्य सिंह एवं रामगढ़ जिला कांग्रेस अध्यक्ष सह विधायक ममता देवी की संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस आयोजित हुयी। प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से SIR की समय-सीमा 30 नवंबर 2026 तक बढ़ाने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि SIR के दौरान निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं प्रक्रिया में लगातार बदलाव से BLO, BLA तथा आम मतदाताओं के बीच भ्रम की स्थिति बनी। पूरी प्रक्रिया स्पष्ट, सरल और पारदर्शी तरीके से लागू की जानी चाहिए थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में ऐसे मतदाताओं को भी नोटिस जारी किए गए हैं, जिनकी पूर्व मतदाता सूची से सही तरीके से मैपिंग हो चुकी थी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगभग 20 लाख नोटिस अभी भी अनसर्व्ड बताए जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में सभी नोटिसों का वितरण, मतदाताओं की उपस्थिति, दस्तावेजों का सत्यापन और सुनवाई की प्रक्रिया जल्दबाजी में पूरा करना उचित नहीं होगा। प्रत्येक मतदाता को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए।
ASDD सूची को लेकर भी कांग्रेस ने चिंता जताते हुए कहा कि इसमें बड़ी संख्या में वास्तविक एवं पात्र मतदाताओं के नाम शामिल हैं। कई मतदाताओं को अभी तक नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। ऐसे सभी मतदाताओं को अपना दावा प्रस्तुत करने का पर्याप्त अवसर दिया जाना चाहिए।
नए मतदाताओं के संबंध में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अनुमानित लगभग 20 लाख नए पात्र मतदाताओं के मुकाबले अब तक करीब 6 लाख Form-6 प्राप्त होने की जानकारी है। निर्वाचन आयोग को नए पात्र मतदाताओं को जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाना चाहिए। SIR का उद्देश्य केवल पुराने मतदाताओं का सत्यापन या नाम हटाना नहीं, बल्कि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना भी होना चाहिए।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
कांग्रेस ने मांग की कि जिन पात्र मतदाताओं का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया हैl उनका नाम जोड़ने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए तथा किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम केवल प्रक्रिया संबंधी जटिलता, मानवीय त्रुटि, नोटिस नहीं मिलने या दस्तावेज उपलब्ध कराने में कठिनाई के कारण सूची से बाहर न किया जाए।
28 सितंबर को पैदल मार्च
कांग्रेस नेताओं ने घोषणा की कि इन मांगों को लेकर 28 सितंबर 2026 को कोठार आंबेडकर चौक से रामगढ़ उपायुक्त कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। पैदल मार्च के माध्यम से निर्वाचन आयोग एवं जिला प्रशासन के समक्ष मतदाताओं से जुड़ी समस्याओं और कांग्रेस की मांगों को रखा जाएगा।
मौके पर प्रदेश कांग्रेस नेता सीपीसंतन बलजीत सिंह बेदी, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज प्रसाद, दिनेश मुंडा, मीडिया चेयरमैन सह प्रवक्ता मुकेश यादव, सुधीर मंगलेश आदि मौजूद थे।
