जमशेदपुर। जमशेदपुर और आसपास के रेल यात्रियों को राजस्थान की यात्रा के लिए एक नई ट्रेन की सौगात मिली है। सोमवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर फूलों से सजी नई ट्रेन को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, स्थानीय विधायक और चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

संतरागाछी स्टेशन पर भी आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी शामिल हुए। यह नई संतरागाछी-खातीपुरा (जयपुर) एक्सप्रेस कुल 1,677 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन का ठहराव टाटानगर और रांची समेत मार्ग के कुल 29 स्टेशनों पर तय किया गया है। ट्रेन के नियमित संचालन के दिन, समय-सारिणी और टिकट बुकिंग की आधिकारिक जानकारी जल्द जारी की जाएगी।