मेदिनीनगर (पलामू)। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) परिसर में मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे उस समय अफरा-तफरी और कोहराम मच गया, जब एक आवारा कुत्ता अपने मुंह में एक नवजात शिशु का शव दबाकर घूमता हुआ दिखाई दिया। इस अमानवीय और हृदयविदारक दृश्य को देखकर अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों के होश उड़ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार की सुबह जब लोग अस्पताल के सामान्य दिनों की तरह आवाजाही कर रहे थे, तभी अचानक एक आवारा कुत्ते को मुंह में कुछ अजीब चीज दबाए हुए देखा गया। पास जाने पर लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई, क्योंकि कुत्ता एक नवजात शिशु के शव को लेकर घूम रहा था। यह खबर आग की तरह पूरे अस्पताल परिसर में फैल गई, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधन और पुलिस चौकी को दी।

सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन के अधिकारी और पुलिस चौकी के जवान तुरंत हरकत में आए और मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से स्थिति को संभालते हुए नवजात के शव को अपने कब्जे में लिया।बाद में उपायुक्त और एसपी ने भी अस्पताल का निरीक्षण किया।

फिलहाल, पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि यह नवजात शिशु अस्पताल के भीतर का है या बाहर से लाया गया था?क्या किसी लावारिस अवस्था में फेंके गए बच्चे को कुत्ता उठा लाया था या यह किसी लापरवाही का परिणाम है?

अस्पताल के लेबर रूम, गायनी वार्ड या आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि इस घटना के मूल स्रोत तक पहुंचा जा सके।