रांचीः रांची नगर निगम द्वारा शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमणमुक्त करने तथा आम नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से लगातार अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को कर्बला चौक से बहुबाजार मार्ग के समीप सरकारी भूमि एवं सड़क फ्लॅक पर अनधिकृत रूप से किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की गई। संबधित स्थलों पर बिना सक्षम प्राधिकार की अनुमति के दुकानें एवं अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं, जिससे यातायात बाधित हो रहा था। निगम की टीम द्वारा अभियान चलाकर अतिक्रमित संरचनाओं को हटाया गया। अभियान के दौरान लगभग 14 दुकानों, गुमटियों, अवैध मीट दुकानों, शेड, जर्जर बाउंड्री पॉल तथा अन्य अस्थायी सरचनाओं को हटाया गया। कार्रवाई से सबंधित मार्ग पर यातायात सुचारू करने एवं आवागमन को सुगम बनाने में सहायता मिली। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पूर्व संबंधित अतिक्रमणकारियों को आम सूचना के माध्यम से सरकारी भूमि से तीन दिनों के भीतर अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था। साथ ही स्पष्ट किया गया था कि निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने की स्थिति में नगर निगम द्वारा अतिक्रमणमुक्त कराने की कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित अतिक्रमणकारियों की होगी। निर्धारित प्रक्रिया के अनुपालन के बाद निगम द्वारा जरूरी कार्रवाई की गई।