बोकारो। जरीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत जैनामोड़ फोरलेन के पास स्थित एक अवैध तेल डिपो में शनिवार को भीषण आग लग गई। अग्निशमन दस्ते ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक डिपो में रखा हजारों लीटर पेट्रोल, डीजल और एथेनॉल जलकर स्वाहा हो चुका था।
घटना के बाद गुप्त रूप से चल रहे इस अवैध तेल के धंधे का भंडाफोड़ हुआ। बताया जा रहा है कि टैंकरों से तेल चोरी कर इस डिपो में अवैध भंडारण किया जाता था और फिर उसे कम दामों में बेचा जाता था।
आग लगने की इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय सिंह ने आरोप लगाया है कि इतना बड़ा रैकेट पुलिस और जिला प्रशासन की मिलीभगत के बिना नहीं चल सकता। दूसरी ओर, प्रशासनिक सूत्रों ने फोरलेन पर चल रहे इस धंधे की पूर्व जानकारी होने से साफ इनकार किया है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर डिपो संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कह रही है।
