रांची। राजधानी रांची के हिनू स्थित 'शिवा प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड' के कार्यालय में अलसुबह अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में मैनपावर एजेंसी का पूरा दफ्तर जलकर खाक हो गया है। प्राथमिक आकलन के अनुसार, इस अगलगी में लगभग दो करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान जताया जा रहा है।
घटना सुबह की है, जब दफ्तर के कमरे से धुएं का गुबार और आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना एजेंसी के प्रोपराइटर को दी।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग (फायर ब्रिगेड) की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। शुरुआती जांच में आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुटे हैं।
