जमशेदपुर। पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम के अधिकारियों और कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि मानगो नगर निगम को किसी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की तरह चलाया जा रहा है। जो अफसर 2029 के विधानसभा चुनाव में किसी ‘खास’ व्यक्ति को जिताने के मकसद से काम कर रहे हैं, वे वक्त रहते अपनी कार्यशैली में सुधार कर लें। यह बात उन्होंने जदयू द्वारा आयोजित और भाजपा, लोजपा तथा आजसू के समर्थन से मानगो नगर निगम की ‘विकास विरोधी नीतियों व तानाशाही’ के खिलाफ दिए गए धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कही।
श्री राय ने नगर निगम की मनमानी पर सवाल उठाते हुए कहा कि 38 योजनाओं का शिलान्यास होने के बावजूद निगम ने इन्हें धरातल पर उतारने से हाथ खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम में केवल कमीशनखोरी का खेल चल रहा है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से नालों की सफाई के नाम पर पूरा बजट ले लिया गया,जबकि धरातल पर महज 10 प्रतिशत ही काम हुआ। हाल ही में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का जिक्र करते हुए सरयू राय ने कहा कि निगम से बाहर के एक व्यक्ति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकारी दस्तावेज दिखाए। यह सीधे तौर पर गोपनीयता का उल्लंघन है और इस मामले पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अपर नगर आयुक्त जनप्रतिनिधियों के पत्रों का जवाब नहीं दे रहे हैं, जबकि नियमानुसार ऐसा न करने पर विधायी प्रक्रिया के तहत दंड का प्रावधान है। धरना-प्रदर्शन के दौरान अन्य सहयोगी दलों के नेताओं ने भी निगम प्रशासन और मेयर पर निशाना साधा। सरयू राय ने कहा कि महज 3-4 महीनों में ही मेयर की कार्यशैली उजागर हो चुकी है।
नाराज पार्षदों ने अलग गुट बना लिया है और स्थिति ऐसी है कि मेयर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी लाया जा सकता है। भाजपा नेता अभिनव सिंह ने कहा कि जब मेयर से काम नहीं संभल रहा है और उनके अपने पार्षद ही असंतुष्ट हैं, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।आजसू जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह ने आरोप लगाया कि नए मेयर के आने के बाद से विकास कार्य ठप पड़ गए हैं और विधायक फंड तक रोका जा रहा है। पूर्व मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह ने कहा कि मानगो की भौगोलिकता से अनजान होने के कारण मेयर को जैसे चलाया जा रहा है, वे वैसे ही चल रही हैं। जनसेवा के लिए चलाए जा रहे पानी के टैंकरों को रोकना जनविरोधी कदम है। धरना-प्रदर्शन को मुख्य रूप से रवींद्र सिंह सिसौदिया, पवन सिंह, अमृता मिश्रा, उषा यादव, शिरीन अख्तर, ममता सिंह, आफताब अहमद सिद्दिकी, सतीश सिंह, कुलविंदर सिंह पन्नू, लालू गौड़, प्रवीण सिंह, अजय कुमार और विकास साहनी ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में आशुतोष राय, मुकुल मिश्रा, अशोक चौहान, विजय सिंह, संजीव सिंह, नीरज सिंह, अमित शर्मा, केके महतो, निसार अहमद, किरण सिंह सहित एनडीए गठबंधन के दर्जनों प्रमुख कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
