मेदिनीनगर। पलामू पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए राजू तिर्की के दो निजी बॉडीगार्ड के लाइसेंसी हथियारों को जब्त कर लिया है। दोनों बॉडीगार्ड उत्तर प्रदेश के निवासी हैं और पलामू जिला प्रशासन या पुलिस को सूचना दिए बिना ही हथियार लेकर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर रहे थे। पुलिस ने कड़ी पूछताछ और हथियारों के सत्यापन के बाद दोनों को देर रात पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया।
उल्लेखनीय है कि राजू तिर्की बुधवार को लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के बसौरा स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के पास एक चाय दुकान के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंचे थे। उनके साथ दोनों निजी बॉडीगार्ड भी हथियारों से लैस होकर मौजूद थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर दबिश दी और सभी को पूछताछ के लिए शहर थाना ले आई।
शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि पकड़े गए बॉडीगार्ड्स की पहचान उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिला अंतर्गत सिकरी चौकी थाना क्षेत्र के ग्राम सकरा निवासी रुक्मपाल सिंह चौहान (पिता- यशेंद्र पाल सिंह) और प्रयागराज जिले के ग्राम अरई निवासी आशीष कुमार तिवारी (पिता- कृष्णचंद तिवारी) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान रुक्मपाल के पास से एक डीबीबीएल गन और आशीष के पास से एक रिवॉल्वर बरामद किया गया।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि दोनों व्यक्ति बाहरी राज्य के लाइसेंसी हथियार लेकर बिना किसी स्थानीय अनुमति या सूचना के पलामू में घूम रहे थे। हथियारों के दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उन्हें जब्त कर लिया गया है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि जिले में लाइसेंसी हथियार का भय दिखाने की प्रवृत्ति किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस मामले में आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
