गुमला/नई दिल्ली। 23 नवंबर को गुमला अंतर्गत घाघरा प्रखंड स्थित एस.एस. प्लस-2 उच्च विद्यालय मैदान में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग, भारत सरकार की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने इसके लिए गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के लिए मुख्य अतिथि के तौर पर उन्हें आमंत्रित किया। मंत्री ने इस पर सकारात्मक आश्वासन दिया। आशा लकड़ा ने मंत्री को कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन के माध्यम से जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति, विरासत एवं महापुरुषों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ जनजातीय समाज के अधिकारों, सम्मान और सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।