धनबाद। कतरास के लिलौरी स्थान स्थित रेलवे फाटक (संख्या 3/SPL/T) पर गुरुवार देर रात करीब एक बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। बोकारो की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार हुंडई अल्काजर कार रेलवे फाटक के हाइट गेज (सुरक्षा बीम) से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में तुरंत आग लग गई और वह धू-धू कर जलने लगी।

राहत की बात यह रही कि कार में सवार लोग समय रहते वाहन से बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हादसे में सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की खबर है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही कतरास पुलिस टीम के साथ पहुंची। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वाहन को बचाया नहीं जा सका। कुछ ही देर में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।