जमशेदपुर। बिष्टुपुर-आदित्यपुर पुल गोलचक्कर के समीप बुधवार सुबह एक सीएनजी ऑटो में अचानक आग लग गई। इस ऑटो में बैठकर स्कूली बच्चे अपने स्कूल जा रहे थे। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

गनीमत यह रही कि आग की लपटें तेज होने से पहले ही स्थानीय लोगों और चालक की सूझबूझ से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, बच्चों के स्कूल बैग ऑटो के अंदर ही रह गए, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

अचानक हुई इस घटना से बच्चों और आसपास मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई। सूचना मिलने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव की आशंका जताई जा रही है।