बोकारो। सीसीएल कथारा क्षेत्र के कथारा पांच नंबर खदान में कोयला चुनने के दौरान हुए एक भीषण हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना 4 और 5 नवंबर के अहले सुबह लगभग 4:00 बजे की है। स्थानीय लोग जलावन के लिए कोयला चुनने कथारा पांच नंबर खदान के पास स्थित कोयला स्टॉक के पास गए थे। इसी दौरान अचानक कोयला स्टॉक भरभरा कर धंस गया, जिससे वहां मौजूद 7 लोग मलबे के नीचे दब गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की त्वरित मदद से सभी दबे हुए लोगों को बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि चार अन्य की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कथारा ओपी थाना प्रभारी राहुल कुमार राम दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम कराने से इंकार करने के बाद शवों को बिना पोस्टमार्टम के ही उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतकों के नाम सहोदरी देवी (उम्र 50 वर्ष,पति - स्वर्गीय हीरालाल महली, निवासी - बांध बाबू राम टोला),कौशल्या देवी (उम्र 45 वर्ष, पति - विश्वनाथ यादव, निवासी - पार टाड़) और पुष्पा देवी (उम्र 49 वर्ष, पति - राजदेव रजवार, निवासी - महली बांध मड़ईया टोला) है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय स्तर पर भारी आक्रोश व्याप्त है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर कथारा पांच नंबर खदान में अवैध तरीके से कोयले का कारोबार धड़ल्ले से कैसे चल रहा था और सीसीएल प्रबंधन इस पर पूरी तरह मौन क्यों है?
