​रांची। राजधानी रांची एक बार फिर राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। खेलगांव स्थित वेलोड्रम स्टेडियम में आगामी राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप के आधिकारिक मस्कट की लॉन्चिंग का आयोजन किया गया। मस्कट लॉन्च के साथ ही आयोजन समिति ने तैयारियों की रफ्तार तेज कर दी है।

​झारखंड साइकिलिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि 30 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक 78वीं सीनियर, 55वीं जूनियर और 41वीं सब जूनियर नेशनल ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया जाएगा।

​600 से अधिक खिलाड़ी और 100 तकनीकी अधिकारी लेंगे हिस्सा

​प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के महासचिव शैलेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 600 से अधिक साइकिलिस्ट अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को सुचारू और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के तकनीकी अधिकारी भी रांची पहुंच रहे हैं।

​उन्होंने कहा कि खेलगांव का वेलोड्रम ट्रैक अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार है। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, सुरक्षा और अभ्यास सत्रों की बेहतरीन व्यवस्था की गई है। एसोसिएशन का लक्ष्य इस आयोजन को झारखंड के खेल इतिहास में एक यादगार अध्याय बनाना है।

​मस्कट के अनावरण के बाद आयोजन समिति अब वृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार में जुट गई है। माना जा रहा है कि इस चैंपियनशिप के सफल आयोजन से राज्य में साइकिलिंग खेल को एक नई पहचान और युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी।

​इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारी रितेश झा, तकनीकी अधिकारी सतविंदर कौर, कोषाध्यक्ष रणवीर कुमार और कोच रामकुमार समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।