रांची। रांची नगर निगम के आंतरिक राजस्व संग्रहण में तेजी लाने और आय के सभी स्रोतों की समीक्षा के उद्देश्य से शुक्रवार को महापौर रोशनी खलखो की अध्यक्षता में निगम परिषद की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप महापौर नीरज कुमार, वार्ड पार्षद, नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त तथा विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस, विज्ञापन शुल्क, बाजार एवं दुकान किराया, जल कर, पार्किंग शुल्क, यूजर चार्ज समेत अन्य राजस्व मदों से होने वाली आय की विस्तृत समीक्षा की गई। सभी शाखाओं के आय-व्यय का मदवार आकलन करने के साथ-साथ पिछले वित्तीय वर्षों की तुलना में वर्तमान वित्तीय वर्ष के राजस्व संग्रहण की स्थिति पर भी चर्चा हुई। इस दौरान निर्धारित राजस्व लक्ष्य और वास्तविक उपलब्धि के अंतर तथा अपेक्षित प्रगति नहीं होने के कारणों की पड़ताल की गई।
महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि नगर निगम को आर्थिक रूप से सुदृढ़ और आत्मनिर्भर बनाने के लिए आंतरिक राजस्व संग्रहण बढ़ाना बेहद जरूरी है। उन्होंने राजस्व वसूली की प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ व व्यवस्थित करने के लिए पदाधिकारियों को ठोस, प्रभावी और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर लक्ष्यों के अनुरूप काम करने का निर्देश दिया।
मेयर ने स्पष्ट किया कि बार-बार चेतावनी के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने वाले बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने राजस्व संग्रहण में किसी भी तरह की शिथिलता, लापरवाही या उदासीनता को लेकर कड़ी चेतावनी दी। महापौर ने कहा कि अपने दायित्वों में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों व कर्मियों की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में राजस्व मदों की नियमित निगरानी, लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने और राजस्व हानि रोकने पर विशेष बल दिया गया। इस दौरान पार्षदों ने भी राजस्व वृद्धि को लेकर कई अहम सुझाव दिए।
