रांची। लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाने से जुड़े परिसीमन प्रस्ताव का आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश महतो ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन से झारखंड में लोकसभा सीटों की संख्या 14 से बढ़कर 21 और विधानसभा सीटों की संख्या 81 से बढ़कर लगभग 122 होने की संभावना है। सुदेश महतो के अनुसार इससे राज्य की जनता को अधिक प्रतिनिधित्व मिलेगा और क्षेत्रीय समस्याओं का बेहतर समाधान संभव हो सकेगा।

महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वे अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत से ही महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण के पक्षधर रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि करीब 16 वर्ष पहले झारखंड सरकार में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री रहते हुए पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण लागू कराना उनके राजनीतिक जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। उन्होंने संतोष जताया कि महिलाओं को उनका राजनीतिक अधिकार दिलाने की यह सोच अब राष्ट्रीय स्तर पर भी आगे बढ़ रही है।

सुदेश महतो ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में परिसीमन को लेकर उठाए जा रहे कदमों से देश के सामाजिक और राजनीतिक जीवन में बड़ा बदलाव आएगा।