रांची। परिसीमन बिल को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपना रुख स्पष्ट करने के संकेत दिए हैं। मुख्यमंत्री और पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने शनिवार को सीएम आवास में पार्टी के सभी छह सांसदों के साथ बैठक की। करीब एक घंटे तक चली इस बैठक में परिसीमन बिल के संभावित प्रावधानों और झारखंड के हितों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सभी सांसदों को बिल का बारीकी से अध्ययन करने और संसद में पार्टी की रणनीति के अनुरूप अपनी भूमिका निभाने का निर्देश दिया।

बैठक के बाद सांसदों ने स्पष्ट किया कि यदि परिसीमन के दौरान झारखंड में अनुसूचित जनजाति (एसटी) की सीटों में आनुपातिक रूप से बढ़ोतरी होती है, तो पार्टी को बिल के समर्थन से परहेज नहीं होगा। हालांकि, यदि प्रस्तावित व्यवस्था से झारखंड के हित प्रभावित होते हैं या आरक्षित सीटों के प्रतिनिधित्व में अपेक्षित बदलाव नहीं होता है, तो पार्टी इसका विरोध करेगी।

झामुमो के वरिष्ठ नेताओं और सांसदों का कहना है कि पार्टी के लिए झारखंड के अधिकार और जनसांख्यिकीय स्वरूप की रक्षा सर्वोपरि है। खास तौर पर राज्य की कुल सीटों और आदिवासी आरक्षित सीटों के संरक्षण पर ही पार्टी का पूरा रुख निर्भर करेगा। नेताओं ने दो टूक कहा कि यदि परिसीमन प्रक्रिया के दौरान झारखंड की आदिवासी सीटों की संख्या में किसी भी तरह की कटौती की गई, तो झामुमो उसका कड़ा विरोध करेगी।

इस संवेदनशील मुद्दे पर झामुमो ने ‘वेट एंड वॉच’ की रणनीति अपनाई है। बैठक में नेताओं ने कहा कि जब तक संसद में आधिकारिक रूप से बिल पेश नहीं होता और इसके विस्तृत प्रावधान सार्वजनिक नहीं किए जाते, तब तक जल्दबाजी में समर्थन या विरोध का निर्णय नहीं लिया जाएगा।

सांसद विजय हांसदा ने कहा कि वर्तमान में प्रस्तावित परिसीमन बिल का आधिकारिक और विस्तृत मसौदा सार्वजनिक रूप से साझा नहीं किया गया है। बिना पूरी जानकारी और दस्तावेजों को गहराई से समझे प्रतिक्रिया देना उचित नहीं होगा। पार्टी संसद में बिल आने का इंतजार कर रही है, ताकि इसके हर पहलू का बारीकी से अध्ययन किया जा सके। फिलहाल झामुमो ने गेंद केंद्र सरकार के पाले में डाल दी है और सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि नए विधेयक में झारखंड के हितों को कितनी प्राथमिकता मिलती है।

सांसद महुआ माजी ने संसद के सत्र की छोटी अवधि और उस पर चर्चा के लिए मिलने वाले सीमित समय पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इतने महत्वपूर्ण और दूरगामी परिणामों वाले विधेयक पर सदन में व्यापक और पर्याप्त चर्चा होनी चाहिए, ताकि सभी पक्षों की चिंताओं को सुना जा सके।