खूंटी। महाराष्ट्र के पुणे स्थित ज्ञान प्रबोधिनी नवनगर विद्यालय गुरुकुल, निगड़ी के दसवीं कक्षा के 50 विद्यार्थियों ने शनिवार को शैक्षणिक भ्रमण के तहत अड़की के सुदूर बुड़ीकाय गांव का दौरा किया। सड़क न होने के कारण विद्यार्थियों और शिक्षकों ने कितापीड़ी से आगे करीब ढाई किलोमीटर का दुर्गम पहाड़ी रास्ता और नाले पैदल पार किए।

गांव में बिताए पांच घंटों के दौरान पुणे के विद्यार्थियों ने ग्रामीण जीवन को करीब से जाना। उन्होंने बागीचा स्कूल के बच्चों के साथ खेतों में उतरकर धान की कटनी की, कागज की नाव तैराई और रंग-बिरंगे कागजों से कलाकृतियां बनाकर स्कूल को सजाया। साथ ही, महाराष्ट्र की पारंपरिक खिचड़ी बनाकर ग्रामीणों और बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया तथा अपने घरों से लाई मिठाइयां बांटीं।

इस दौरान शिक्षिका योगिता पराग कुलकर्णी ने कहा कि गांव का विकास जरूरी है, लेकिन जल, जंगल और जमीन से छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए। शिक्षक श्रीराम इनामदार ने ग्रामीणों के आत्मीय स्नेह को बेहद यादगार बताया। भ्रमण दल में आईआईएम के प्रोफेसर गौरव मराठे भी शामिल थे, जबकि गांव में सागर मुंडा, संजय मुंडा, पूर्व मुखिया जवारा पाहन व हरि सिंह मुंडा ने सहयोग किया।

देर शाम विद्यार्थी भगवान बिरसा मुंडा के जन्मस्थल उलिहातू पहुंचे, जहां उन्होंने धरती आबा को नमन कर उनके वंशज सुखराम मुंडा से मुलाकात की। पत्रकार अजय शर्मा ने विद्यार्थियों को बिरसा मुंडा के जीवन और 'उलगुलान' के इतिहास से अवगत कराया। रविवार को यह दल बिरसा मुंडा संग्रहालय का भ्रमण करेगा।