रांची। झारखंड सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा आयोजित पहले ‘अरण्यक-झारखंड वन फिल्म महोत्सव’ का शुभारंभ मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने खेलगांव से ऑनलाइन उद्घाटन किया। इस तीन दिवसीय महोत्सव में स्पेन सहित देश-विदेश की चुनिंदा फिल्मों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति, जैव विविधता, वन्यजीव संरक्षण, जनजातीय संस्कृति और मानव-प्रकृति के गहरे संबंधों को दर्शाया जा रहा है। महोत्सव के उद्घाटन के मौके पर झारखंड के प्रधान मुख्य वन संरक्षक सह वन बल प्रमुख संजीव कुमार ने कहा कि राज्य में यह पहला फॉरेस्ट फिल्म महोत्सव है और यह आने वाले समय में मील का पत्थर साबित होगा। यह आयोजन 30 नवंबर तक चलेगा।
उद्घाटन के अवसर पर स्पेन की फिल्म ‘लिम्नोस: ए नेचुरल हिस्ट्री ऑफ स्टेपी वेटलैंड्स’ प्रदर्शित की गई, जिसका निर्देशन कार्लोस रोड्रिगेज और जेवियर रोसेस ने किया है। इस फिल्म में यूरोप के मौसमी आर्द्रभूमि क्षेत्रों की जैव विविधता और पारिस्थितिक तंत्र को दिखाया गया है। इसके अलावा रिवाज दियाली निर्देशित ‘लैंड ऑफ आवर फादर्स’ का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें भारत-नेपाल सीमा पर रहने वाले धिमाल समुदाय, हाथियों, बदलते प्राकृतिक परिवेश और मानव-हाथी सहअस्तित्व की चुनौतियों को रेखांकित किया गया है।
इस मौके पर फोवा झारखंड की अध्यक्ष भारती कुमार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक विश्वनाथ शाह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) रवि रंजन, वरीय वन अधिकारी डी. वेंकटेश्वर लू, एस.आर. नटेश, पी.आर. नायडू और अवनीश चौधरी समेत दिनेश झा, राजीव कुमार, मिक्की कुमार, ऋषिकेश सज्जन, प्रिया कुमारी और पल्लवी भारती उपस्थित थे।
