रांची।झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलने का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक और दूरगामी निर्णय बताया है। उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया और आगामी संसद सत्र में दोनों विधेयकों के बहुमत से पारित होने की उम्मीद व्यक्त की।
श्री साहू ने कहा कि बदलती आबादी और भौगोलिक जरूरतों के बीच बड़े निर्वाचन क्षेत्रों के कारण जनप्रतिनिधियों को जनता से संवाद और समस्याओं के समाधान में कठिनाई होती है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रावधान होने से झारखंड में लोकसभा सीटें 14 से बढ़कर 21 और विधानसभा सीटें 81 से बढ़कर लगभग 121 हो सकती हैं। इससे एसटी-एससी सहित सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व बढ़ने और राज्य की आवाज को मजबूती मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि विपक्ष परिसीमन पर भ्रम फैला रहा है, जबकि सरकार राज्यों के प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात सुरक्षित रखने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
महिला आरक्षण पर उन्होंने कहा कि यह कदम आधी आबादी को नीति निर्माण और नेतृत्व में उचित सम्मान व भागीदारी दिलाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों तक इस मुद्दे पर केवल राजनीति की, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ महिला सशक्तिकरण को शासन की प्राथमिकता बनाया है।
