कुजू(रामगढ़) l ज़िले के कुजू ओपी क्षेत्र क्षेत्र के पैंकी बिरसा चौक के समीप शनिवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्री की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान पैंकी निवासी अरुण ओहदार (40 वर्ष), पिता सहदेव महतो और उनकी 12 वर्षीय पुत्री मिष्टी कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अरुण ओहदार अपनी पुत्री के साथ बाइक संख्या जेएच01एन-3843 से घर से निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर संख्या यूपी78एलएन-7887 अनियंत्रित होकर फोरलेन से नीचे उतर गया और उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मिष्टी कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अरुण ओहदार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें रांची रोड स्थित एक नर्सिंग होम पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

हादसे में पिता-पुत्री की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मिष्टी के शव के साथ मुआवजे सहित अन्य मांगों को लेकर पैंकी फोरलेन को जाम कर दिय। सड़क जाम होने से फोरलेन के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। वही घटना के कारण पुराना एनएच 33 सांडी में भी सड़क जाम हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही कुजू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर शव उठाने तथा जाम हटवाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। समाचार लिखे जाने तक परिजन और ग्रामीण शव के साथ घटनास्थल पर डटे हुए थे। वहीं, प्रखंड एवं जिला प्रशासन के अधिकारी ग्रामीणों से वार्ता कर जाम समाप्त कराने और यातायात बहाल करने के प्रयास में जुटे थे

।