नई दिल्ली/रांची। झारखंड के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री केएन त्रिपाठी को सर्वसम्मति से इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित संगठन के 34वें प्लेनरी सत्र एवं विलय सम्मेलन (अमलगमेशन कन्वेंशन) में उनके नाम पर मुहर लगी। इस नियुक्ति के साथ ही लंबे समय से गुटबाजी और कानूनी विवादों से जूझ रहे इंटक के एकीकरण की प्रक्रिया को निर्णायक दिशा मिल गई है।
गुटों के विलय से मजबूत हुआ संगठन
केएन त्रिपाठी का यह निर्वाचन ऐसे समय में हुआ है, जब संगठन के भीतर केके तिवारी गुट और ददई दुबे गुट को एक मंच पर लाने की कवायद चल रही थी। दोनों गुटों के विलय को श्रमिक राजनीति में एक बड़े संगठनात्मक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। अधिवेशन में नई कार्यकारिणी की रूपरेखा भी तय की गई, जिसके तहत केके तिवारी को राष्ट्रीय महासचिव और अभय दुबे को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया है। जल्द ही नई कार्यसमिति को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के समक्ष पेश किया जाएगा।
इस राष्ट्रीय अधिवेशन में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, एआईसीसी पर्यवेक्षक एवं दिल्ली कांग्रेस प्रभारी काजी मोहम्मद निजामुद्दीन, एआईसीसी सचिव व इंटक की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बॉबी भगत सहित देशभर से आए श्रमिक नेता और प्रतिनिधि शामिल हुए।
मजदूर हितों से जुड़े 6 प्रस्ताव पारित
सम्मेलन में संगठनात्मक एकता के साथ-साथ श्रमिकों के बुनियादी मुद्दों पर भी गहन मंथन हुआ। इस दौरान श्रम कानून, मजदूरों के अधिकार, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार से जुड़े छह महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
झारखंड के श्रमिक मुद्दों को मिलेगी राष्ट्रीय आवाज
खनन और औद्योगिक श्रमिकों का प्रमुख केंद्र रहे झारखंड के किसी नेता को इंटक की राष्ट्रीय कमान मिलना राज्य के लिए भी बेहद अहम है। इससे झारखंड के संगठित और असंगठित क्षेत्र के कामगारों की समस्याओं को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से उठाने में मदद मिलेगी। हालांकि, नवनियुक्त अध्यक्ष केएन त्रिपाठी के सामने सबसे पहली चुनौती संगठन की इस नई एकता को स्थायी बनाए रखने की होगी।
उल्लेखनीय है कि 28 और 29 नवंबर को आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन के अंतिम दिन रविवार (29 नवंबर) को संयुक्त संगठन की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक होगी, जिसमें आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय की जाएगी।
