रांची। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के समापन और राज्य सरकार के दूसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर रांची में आयोजित भव्य समारोह ने विकास की घोषणाओं के साथ-साथ तीखे राजनीतिक तेवरों की भी गवाही दी। मंच से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने जहां 9097.59 करोड़ रुपये की योजनाओं की घोषणा की, वहीं केंद्र सरकार और सियासी विरोधियों पर भी सीधा निशाना साधा।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार के प्रति कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने दो टूक कहा कि झारखंड को उसका वाजिब हक मिलना चाहिए और इसके लिए सरकार हर स्तर पर संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगी। हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड को भीख की नहीं, बल्कि अपने संवैधानिक अधिकार और हिस्से की जरूरत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानूनी हो या राजनीतिक, हर मोर्चे पर लड़ाई लड़ने के लिए राज्य सरकार और जनता तैयार है।

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि जब से अबुआ सरकार बनी है, तब से लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौट रही है। उन्होंने स्वीकार किया कि राज्य में शिक्षा और गरीबी की चुनौतियां मौजूद हैं तथा यहां के लोग संकोची स्वभाव के हैं, लेकिन सरकार जनता के साथ मिलकर जमीनी कार्ययोजना पर काम कर रही है। शिक्षा, छात्रवृत्ति और मईयां सम्मान जैसी योजनाओं से स्थिति बदलने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि 26 साल का युवा झारखंड अब नई उड़ान भरने को तैयार है और राज्य को अग्रणी राज्यों से आगे ले जाना उनका लक्ष्य है।

स्थापना दिवस के मंच से वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने विकास के आंकड़ों के जरिए राजनीतिक तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि 26 साल का सफर तय करने के बाद झारखंड परिपक्व हो चुका है और इसका वित्तीय स्वास्थ्य सुदृढ़ हुआ है। वित्त मंत्री ने दावा किया कि राज्य की विकास दर राष्ट्रीय विकास दर के बराबर पहुंच गई है और गरीबी रेखा से नीचे रहने वालों का प्रतिशत घटकर 16.6 फीसदी रह गया है। उनके अनुसार, आने वाले समय में गरीबी और बेरोजगारी इतिहास बन जाएगी।

वित्त मंत्री ने राज्य गठन के समय के बजट से तुलना करते हुए बताया कि उस वक्त बजट करीब 6 हजार करोड़ रुपये का था, जो अब बढ़कर 1.45 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि वित्तीय प्रबंधन के मामले में नीति आयोग ने झारखंड की सराहना की है और राज्य देश में तीसरे स्थान पर है।

स्थापना दिवस पखवाड़े के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य को कुल 1643 योजनाओं की सौगात दी, जिनकी समेकित लागत 9097.59 करोड़ रुपये है।

5941.86 करोड़ रुपये की 823 योजनाओं की आधारशिला रखी गई, जिनसे सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।

3155.73 करोड़ रुपये की 820 योजनाओं का लोकार्पण किया गया, जिनका लाभ सीधे आम लोगों को मिलेगा।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों को मुख्यमंत्री पदक से सम्मानित किया गया। साथ ही मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा के राज्य टॉपर विद्यार्थियों को भी सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में मंत्री राधाकृष्ण किशोर, शिल्पी नेहा तिर्की, दीपिका पांडेय सिंह, चमरा लिंडा, योगेंद्र प्रसाद और डॉ. इरफान अंसारी सहित राज्यसभा सांसद महुआ माजी, रांची की मेयर रोशनी खलखो, विधायक ममता देवी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।