रांची। रांची विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मास कम्युनिकेशन और प्रेस क्लब रांची के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को ‘बदलते दौर में पत्रकारिता : विश्वसनीयता, तकनीक और भविष्य’ विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित हुई। संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि एआई, सोशल मीडिया और नई तकनीक खबरों की गति व प्रस्तुति बदल सकते हैं, लेकिन पत्रकारिता की मूल ताकत विश्वसनीयता, भाषा पर पकड़, तथ्य की पुष्टि और मानवीय विवेक ही है।

उद्घाटन सत्र में वरिष्ठ पत्रकार बलबीर दत्त ने कहा कि ब्रेकिंग न्यूज की होड़ और सोशल मीडिया पर अत्यधिक निर्भरता से साख प्रभावित होती है, जबकि सामान्य ज्ञान व भाषा की समझ सफलता का बड़ा आधार है। अमर उजाला के कंसल्टेंट ग्रुप एडिटर उदय कुमार ने भाषा, लेखन और अभ्यास को डिग्री से अधिक महत्वपूर्ण बताया। प्रभात खबर के प्रधान संपादक अंकित शुक्ल ने डीपफेक और फर्जी वीडियो के दौर में तथ्य जांच, स्थानीय सूचनाओं की पड़ताल व नई तकनीक में दक्षता पर जोर दिया। कुलपति प्रो. डॉ. सरोज शर्मा ने सवाल पूछने और सच खोजने की परंपरा को लोकतंत्र व पत्रकारिता का आधार बताया, जबकि वरिष्ठ पत्रकार अरुण कुमार सिंह ने सोशल मीडिया की खबरों की बिना जांच प्रकाशन से बचने की बात कही।

दूसरे सत्र ‘सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारिता की विश्वसनीयता’ में प्रियदर्शन ने मुख्यधारा की पत्रकारिता की चुनौतियों व कमजोरों की आवाज पर जोर दिया। नया इंडिया के बिहार झारखंड के संपादक अजीत द्विवेदी ने विधिवत प्रशिक्षण, बैजनाथ मिश्र ने सूचनाओं की बाढ़ में तथ्य छांटने व स्वतंत्र सोच, नीरज गुप्ता ने न्यूजरूम अनुभव व सहज भाषा, तथा प्रो. नलिनी रंजन ने एआई के संयमित उपयोग व मल्टीटास्किंग की आवश्यकता बताई। सत्र का संचालन व मॉडरेशन संजीव शेखर ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और कुलगीत से हुई तथा दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार राजीव कुकरेजा को श्रद्धांजलि दी गई। धन्यवाद ज्ञापन रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभूनाथ चौधरी और सचिव अभिषेक सिन्हा ने दिया। संगोष्ठी में विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और मीडियाकर्मी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।