गढ़वा। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय कार्यालय द्वारा एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक फेरबदल करते हुए गढ़वा जिला समिति को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। पार्टी द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, यह कार्रवाई दिनांक 23 सितंबर 2026 के आदेश से गठित जांच दल द्वारा 2 अक्टूबर 2028 को प्रेषित जांच प्रतिवेदन के आलोक में की गई है।

जिला समिति को भंग करने के साथ ही पार्टी के सुचारू संचालन और पुनर्गठन के लिए 17 सदस्यीय संयोजक मंडल का गठन किया गया है। संयोजक मंडल में मिथिलेश कुमार ठाकुर, अनंत प्रताप देव, मो० ताहिर अंसारी, तनवीर आलम, मनोज ठाकुर, शंभू चंद्रवंशी, धीरज कुमार दुबे, नितेश कुमार सिंह, राजकिशोर यादव,जेपी मिंज, शांति देवी, अंजली गुप्ता, जवाहर पासवान, संजीव कुमार भूईया, कामेश्वर बैठा, मो० जैनुल आबेदिन खान और धर्मराज पासवान को शामिल किया गया है।

पार्टी के केंद्रीय कार्यालय ने नवनियुक्त संयोजक मंडली को सख्त निर्देश दिया है कि वे आगामी 15 दिनों के अंदर जिला संयोजक मंडली और वरिष्ठ साथियों की एक आवश्यक बैठक आयोजित करें।

इस बैठक में गढ़वा जिला समिति के नए गठन से संबंधित नामों की अनुशंसित सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद, कार्यवाही पुस्तिका (प्रोसिडिंग बुक) की छायाप्रति संलग्न करते हुए यह सूची केंद्रीय कार्यालय को प्रेषित की जाएगी, ताकि केंद्रीय स्तर पर गढ़वा जिला समिति के पुनर्गठन की प्रक्रिया को जल्द से जल्द अंतिम रूप दिया जा सके।