रांची। आजसू पार्टी के महासचिव संजय मेहता ने परीक्षा, नियुक्ति, छात्रवृत्ति, प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा और औद्योगिक दुर्घटनाओं को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि सरकार छात्र और मजदूर दोनों वर्गों के बुनियादी सवालों पर विफल रही है।
श्री मेहता ने जेपीएससी और जेएसएससी की लंबित परीक्षाओं, नियुक्तियों तथा बकाया छात्रवृत्ति के भुगतान पर सरकार से स्पष्ट कार्ययोजना सार्वजनिक करने को कहा। उन्होंने जेपीएससी में अध्यक्ष व सदस्यों की नियुक्ति, रिक्त पदों का ब्योरा जारी करने और जेएसएससी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही, हजारीबाग में आयोजित छात्र महापंचायत को पार्टी का समर्थन देने की बात कही।
प्रवासी मजदूरों की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्होंने दुबई और सऊदी अरब में फंसे, लापता या मृत हुए झारखंड के आठ मजदूरों के परिवारों की मदद के लिए विदेश मंत्रालय के माध्यम से पहल की है। उन्होंने विदेश जाने वाले मजदूरों का सरकारी डेटाबेस तैयार करने और भर्ती एजेंसियों के सत्यापन की मांग की।
टंडवा स्थित एनटीपीसी परियोजना में कन्वेयर बेल्ट का ढांचा गिरने से तीन मजदूरों की मौत का जिक्र करते हुए उन्होंने सभी बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों के स्वतंत्र सुरक्षा ऑडिट की मांग की। राज्यसभा के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने पिछले पांच वर्षों की औद्योगिक दुर्घटनाओं पर जिलावार श्वेतपत्र जारी करने, संविदा मजदूरों को ईएसआई-पीएफ व बीमा का लाभ देने और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इन मुद्दों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं की, तो आजसू पुनः आंदोलन करने को बाध्य होगी। इस मौके पर युवा आजसू के केंद्रीय प्रवक्ता भी मौजूद थे।
