​रांची/हजारीबाग/जमशेदपुर। एशियन गेम्स 2026 में झारखंड की तीरंदाजों ने भारतीय खेल इतिहास में एक नया अध्याय लिख दिया है। साई एसटीसी,हजारीबाग की होनहार तीरंदाज कीर्ति शर्मा और टाटा आर्चरी अकादमी,जमशेदपुर से प्रशिक्षित अंकिता भकत ने महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। टीम में उनके साथ कुमकुम मोहोड़ भी शामिल थीं।

​भारतीय महिला रिकर्व टीम ने फाइनल मुकाबले में मजबूत दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराकर एशियन गेम्स के इतिहास में इस स्पर्धा का पहला गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

दक्षिण कोरिया के खिलाफ फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। पहले सेट में दोनों टीमों ने 54-54 अंक बनाकर बराबरी की। दूसरे सेट में कड़े मुकाबले के बीच स्कोर 56-56 रहा।​तीसरे सेट में भारतीय तिकड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 55-52 से सेट जीता और 4-2 की बढ़त बना ली।चौथे सेट में दबाव के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने धैर्य बनाए रखा और सेट बराबर रखकर 5-3 से ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

हजारीबाग सेंटर से अपनी यात्रा शुरू करने वाली कीर्ति ने कोच ऊधम सिंह के मार्गदर्शन में अपनी तकनीक और फिटनेस को निखारा। वर्ष 2026 की शुरुआत में हुए चयन ट्रायल्स में शीर्ष स्थान हासिल कर उन्होंने भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की की थी। वहीं टाटा आर्चरी अकादमी जमशेदपुर की ट्रेनिंग ने अंकिता भकत के हुनर को तराशा, जिसका लाभ इस बड़े मंच पर भारत को मिला।

​कीर्ति और अंकिता की इस स्वर्णिम सफलता से पूरे झारखंड के खेल प्रेमियों में जश्न का माहौल है।