​रांची। राजधानी रांची में राहुल सिंह गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद गिरोह के दो कथित शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को विधानसभा थाना क्षेत्र के नयासराय में हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में शाहिद नाम का एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया।

​मामले की जानकारी देते हुए रांची के सीनियर एसपी राकेश रंजन ने बताया कि हाल ही में कांके थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर दहशत फैलाने की नीयत से हुई फायरिंग में राहुल सिंह गिरोह के दो अपराधियों की संलिप्तता सामने आई थी। घटना के बाद से ही पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई थी।

​मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों अपराधी विधानसभा थाना क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उनका पीछा करना शुरू किया। खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शूटर शाहिद घायल हो गया।

​गोली लगने के बावजूद शाहिद और उसका साथी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने खदेड़कर दोनों को दबोच लिया। पुलिस ने घायल शाहिद को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया है।

​फिलहाल पुलिस पकड़े गए दोनों अपराधियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के जरिए गिरोह के अन्य सदस्यों और हालिया वारदातों में उनकी भूमिका से जुड़े कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।