हजारीबाग। पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक और थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में आगामी गणेश चतुर्दशी और विश्वकर्मा पूजा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।

महिला अत्याचार, छेड़खानी, दुष्कर्म और पॉक्सो से जुड़े लंबित मामलों का 60 दिनों के भीतर निष्पादन करने को कहा गया। वर्ष 2026 से पूर्व के लंबित मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया गया। अगस्त 2026 में जिले में 289 मामले दर्ज हुए, जबकि 666 मामलों का निष्पादन किया गया। इसी अवधि में 1100 वारंट/कुर्की प्राप्त हुए और 1396 का निष्पादन किया गया।

एसपी ने लंबित जमानती-गैरजमानती वारंट, इश्तेहार और कुर्की-जब्ती के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। जमीन विवादों के समाधान के लिए प्रत्येक थाना में साप्ताहिक थाना दिवस आयोजित कर अंचल अधिकारियों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने, मादक पदार्थों के कारोबार वाले स्थानों को चिन्हित कर कार्रवाई करने तथा अवैध कोयला, बालू और पत्थर खनन पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। संगठित अपराध, अवैध खनन और साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ CCA, थाना हाजिरी और गुंडा पंजी की कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने को कहा गया।

इसके अलावा जेल से पिछले पांच वर्षों में बाहर आए अपराधियों की सूची तैयार कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखने और थाना स्तर पर आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।