लातेहार। रांची-मेदिनीनगर एनएच-39 पर गुरुवार की शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही गांव के तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। घटना मनिका थाना क्षेत्र के नामूदाग फोरलेन के पास हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार नामूदाग गांव निवासी हीरामण नायक (26), पंकज नायक (16) और नन्हकू नायक (15) एक ही बाइक पर सवार होकर नामूदाग से बकोरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नामूदाग फोरलेन के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्थानीय लोगों के मौके पर पहुंचने से पहले ही तीनों ने दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण किसी अज्ञात वाहन की टक्कर या बाइक का अनियंत्रित होना माना जा रहा है, जिसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। एक ही बाइक पर ट्रिपल राइडिंग और दो नाबालिगों की मौत ने एक बार फिर यातायात नियमों की अनदेखी और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक साथ तीन युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
