गुमला। जिले में दो महिलाओं की हत्या के सनसनीखेज मामले ने पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैला दी है। जानकारी के अनुसार, विंध्याचल नगर नदी टोली निवासी 28 वर्षीय मिनी प्रिया (पति शिव शंकर साहू) और 20 वर्षीय राधिका कुमारी (पति नवीन साहू) की हत्या उनके ही पतियों द्वारा किए जाने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद दोनों शवों को सिमडेगा थाना क्षेत्र के वीरू जंगल में दफना दिया गया था।
बताया जाता है कि दोनों दंपतियों के बीच लंबे समय से आपसी संबंध अच्छे नहीं थे। बीते शनिवार को दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हुआ था, जिसके बाद दोनों भाई अपनी-अपनी पत्नी को लेकर समसेरा स्थित घर चले गए थे। सोमवार सुबह करीब नौ बजे परिवार के लोगों से दोनों महिलाओं की आखिरी बार बातचीत हुई थी, तब सब कुछ सामान्य बताया जा रहा था।
इसी बीच घर में फिर से किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद शिव शंकर साहू और नवीन साहू ने मिलकर कुल्हाड़ी से मारकर अपनी-अपनी पत्नी मिनी प्रिया और राधिका कुमारी की हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने शवों को एंबुलेंस में लादकर सिमडेगा थाना क्षेत्र के वीरू जंगल ले जाकर दफन कर दिया।
इसके बाद पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से शिव शंकर साहू अपने सात वर्षीय बच्चे और भाई नवीन के साथ मंगलवार शाम गुमला थाना पहुंचा और पत्नी की हत्या की आशंका जताई। हालांकि, पुलिस ने जब दोनों भाइयों से कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया।
आरोपियों की निशानदेही पर मंगलवार रात पुलिस की टीम वीरू जंगल पहुंची और शवों की तलाश शुरू की, लेकिन रात में काफी खोजबीन के बावजूद शव नहीं मिल सके। इसके बाद बुधवार सुबह पुलिस ने दोनों शवों को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।
