बोकारो। शनिवार की शाम को संत जेवियर्स विद्यालय के विस्तृत क्रीड़ांगन में हीरक जयंती समापन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय के 60 वर्ष पूरे होने के महत्त्व को दर्शाना था। साथ ही, सभी छात्र-छात्राओं को अपने अभिभावकों के समक्ष नृत्य और संगीत जैसी कलाओं का प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करना तथा उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना भी था।
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल बैंड द्वारा गणमान्य अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। अतिथियों को पौधे तथा बुके प्रदान कर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात् दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
प्लस टू के विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक प्रार्थना नृत्य प्रस्तुत किया गया। स्कूल कैप्टन रौनक कुमार ठाकुर ने स्वागत भाषण दिया और विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
विद्यालय के प्राचार्य फादर अरुण मिंज, एस.जे. ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि संत जेवियर्स विद्यालय एक परिवार की तरह है, जहाँ सभी एक-दूसरे का सहारा बनकर सदा खड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि हम प्रत्येक विद्यार्थी का सर्वांगीण विकास को करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम उन्हें न्याय, प्रेम, भाईचारा, निःस्वार्थ सेवा , सामाजिक सद्व्यवहार व कृतज्ञता के भाव से ओतप्रोत होने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। प्राचार्य महोदय ने सभी के सहयोग के लिए कृतज्ञता व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि के रूप में प्रांतीय सुपीरियर फादर डॉ. विंसेंट हंसदाक, एस.जे. का स्वागत एवं सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि ने इस आयोजन को महत्त्वपूर्ण बताते हुए प्राचार्य महोदय को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि 60 वर्ष केवल एक काल नहीं है, बल्कि यह हज़ारों कहानियों का संग्रह है। यह विद्यार्थियों की उन पीढ़ियों का प्रतिनिधित्व करता है, जिन्होंने इसी विद्यालय से सीखा, आगे बढ़े और दुनिया की सेवा में समर्पित हो गए। इसकी शुरुआत एक सुंदर सपने से हुई थी। आज हम कृतज्ञता के साथ अपने सभी संस्थापक फादर्स को याद करते हैं। उन्होंने एक ऐसे स्थान का सपना देखा था, जहाँ बच्चे मूल्यों, अनुशासन और धैर्य के साथ ज्ञान प्राप्त कर सकें।
उन्होंने अपने सभी शिक्षकों—अतीत और वर्तमान—को उनके समर्पण और कड़ी मेहनत के लिए धन्यवाद दिया।
अंत में मुख्य अतिथि ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि भविष्य हमारे विद्यार्थियों के हाथों में है। विद्यार्थी विद्यालय के मूल्यों को बनाए रखें, उत्कृष्टता के लिए प्रयास करें और अपने विद्यालय को गौरवान्वित करें।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत डांस ड्रामा—'एग टू एक्सीलेंस' रहा, जिसमें विद्यालय की यात्रा को कलात्मक रूप में दर्शाया गया।
विद्यालय के शिक्षकों ने सामूहिक गीत प्रस्तुत किया और विद्यालय के 60 वर्षों की यात्रा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई, जिसे देखकर सभी भावुक हो गए। कार्यक्रम का समापन अनुष्का दत्ता के धन्यवाद ज्ञापन एवं जेवियर एंथम के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का प्रांगण अभिभावकों की उपस्थिति और उनकी तालियों की गूँज से आलोकित होता रहा।
इस कार्यक्रम की सफलता का श्रेय प्राचार्य फादर अरुण मिंज, फादर थॉमस रॉड्रिक्स, सभी खण्डों के उप-प्राचार्य, प्रतिभागी विद्यार्थियों, शिक्षकों, उपस्थित अभिभावकों, रखरखाव कर्मचारियों तथा विद्यालय से जुड़े सभी सम्मानित जनों को जाता है।
