चांडिल। ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी रहे हरेलाल महतो रविवार को आजसू पार्टी छोड़कर औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। चांडिल प्रखंड के भादूडीह मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में उन्होंने अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा व मधु कोड़ा, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, सांसद विद्युत वरण महतो और पूर्व मंत्री अमर बाउरी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
सदस्यता लेने के बाद हरेलाल महतो ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और विचारों से प्रेरित होकर भाजपा से जुड़े हैं। उन्होंने ईचागढ़ की जनता से नए सफर के लिए आशीर्वाद मांगा।
मंच से भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने झारखंड सरकार की जनविरोधी नीतियों की आलोचना की और राज्य में सत्ता परिवर्तन को जरूरी बताया।
लगातार दो विधानसभा चुनावों (2019 और 2024) में झामुमो की सविता महतो से मुकाबला करने वाले हरेलाल के भाजपा में आने से ईचागढ़ का राजनीतिक परिदृश्य गर्मा गया है।
हालाँकि, भाजपा-आजसू गठबंधन, पार्टी की रणनीति और स्थानीय कार्यकर्ताओं के तालमेल के बाद ही आगामी चुनावों में उनकी भूमिका पूरी तरह तय होगी। भाजपा इस कदम को क्षेत्र में संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मान रही है।
