बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस-1 के बाहर स्थित कन्वेयर बेल्ट संख्या K-21 और K-22 में गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे आग लग गई। आग का प्राथमिक कारण स्लैग ग्रेनुलेशन के दौरान गर्म स्लैग का बेल्ट के संपर्क में आना बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही फायर विंग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आधे घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस घटना में दोनों बेल्ट क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिन्हें बदलने की प्रक्रिया की जा रही है। सुरक्षा मानकों की समीक्षा और नुकसान का आकलन जारी है।
बोकारो स्टील के संचार प्रमुख मणिकांत धान ने स्पष्ट किया कि घटना फर्नेस के बाहर हुई है, जिससे मुख्य इकाइयों और उत्पादन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। प्लांट में कामकाज सामान्य रूप से जारी है।
