रांची। वियतनाम में सड़क दुर्घटना में मृत रांची (कैलास नगर) निवासी योग प्रशिक्षक स्व. राजा कुमार वर्मा के आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से ₹5 लाख की सहायता राशि प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर 'मुख्यमंत्री झारखण्ड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना' के तहत यह राशि श्रम मंत्री एवं राज्यसभा सांसद द्वारा परिजनों को सौंपी गई।
विदेश में इलाज के दौरान राजा कुमार वर्मा के निधन के बाद परिजनों ने शव को स्वदेश लाने की गुहार लगाई थी। राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विदेश मंत्रालय और हनोई स्थित भारतीय दूतावास के समन्वय से प्रक्रिया पूरी कराई। 05 अक्टूबर को पार्थिव शरीर हनोई से कोलकाता लाया गया, जहाँ से रांची जिला प्रशासन द्वारा नि:शुल्क एम्बुलेंस के जरिए इसे सम्मानपूर्वक उनके पैतृक आवास पहुँचाया गया था।
