रांची। रांची नगर निगम शहर में कांके रोड स्थित राम मंदिर से रातू रोड चौक, हरमू बायपास मार्ग होते हुए धुर्वा गोलचक्कर तक चरणबद्ध तरीके से मॉडल कॉरिडोर विकसित करेगा। इससे इन रास्तों पर सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था विकसित होगी। मॉडल कॉरिडोर विकसित करने के उद्देश्य से सड़क, फुटपाथ, सार्वजनिक स्थलों एवं शहरी सौंदर्याकरण से संबंधित सभी मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में इंफोर्समेंट शाखा, नगर निवेशक शाखा, राजस्व शाखा, हॉर्टिकल्चर शाखा एवं बाजार शाखा द्वारा विगत दो सप्ताह से संचालित कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। इसमें बताया गया कि मॉडल कॉरिडोर के निर्धारित मार्ग पर लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। बैठक में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, सहायक नगर आयुक्त, सहायक नगर निवेशक सहित संबंधित शाखाओं के पदाधिकारी एवं निगम के अन्य कर्मी भी उपस्थित थे।

मौके पर नगर निवेशक शाखा के पदाधिकारियों ने बताया कि अब तक 48 भवनों को विभिन्न अनियमितताओं के कारण नोटिस निर्गत किए गए हैं। इनमें 19 भवनों को सड़क एवं सेटबैक क्षेत्र अथवा गिफ्ट डीड की भूमि पर अतिक्रमण करने, 21 भवनों को अवैध संरचना निर्माण तथा 8 भवनों को आवासीय भवन में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने के कारण नोटिस दिया गया है। संबंधित भवन स्वामियों को सभी वैधानिक दस्तावेज निर्धारित समयावधि में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

52 अवैध मोनोपोल, यूनीपोल एवं होर्डिंग्स पर नोटिस ः बाजार शाखा ने जानकारी दी कि अब तक 52 मोनोपोल, यूनीपोल एवं होर्डिंग्स पर नोटिस चस्पा किया गया है, जो फुटपाथ एवं पाथवे पर अवैध रूप से स्थापित पाए गए। संबंधित व्यक्तियों को निर्देश दिया गया है कि वे 3 दिनों के भीतर अपने अवैध विज्ञापन पट्ट स्वयं हटा लें।

340 प्रतिष्ठानों के पास नहीं मिला वैध टेड लाइसेंसः राजस्व शाखा द्वारा समीक्षा बैठक में बताया गया कि मॉडल कॉरिडोर क्षेत्र में अब तक किए गए निरीक्षण के दौरान 340 दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के पास वैध ट्रेड लाइसेंस नहीं पाया गया। ऐसे सभी प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करते हुए शीघ्र ट्रेड लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है।