चाईबासा। गुवा थाना क्षेत्र के बड़ाजामदा बालजोड़ी स्थित सिंदरी गौरी गांव में एक अधूरे कुएं में गिरने से हाथी की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने खेत की फसल के भारी नुकसान का मुआवजा देने की मांग को लेकर करीब छह घंटे तक हाथी के शव को दफनाने का विरोध किया। अंततः वन विभाग के अधिकारियों द्वारा उचित मुआवजे का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने शव को दफनाने की अनुमति दी।

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम एक हाथी रघुनाथ चातोम्बा के खेत में घुसा और वहां लगी फसल खाने लगा। यह फसल करीब 10 एकड़ भूमि पर फैली हुई थी। फसल खाने के दौरान हाथी अचानक खेत के पास ही बने एक अधूरे और खुले कुएं में फिसलकर गिर गया। हाथी पूरी रात उसी कुएं में फंसा रहा।

गुरुवार की सुबह जब ग्रामीण अपने खेतों की ओर पहुंचे, तो उन्होंने कुएं के अंदर हाथी को गिरा हुआ देखा। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए, लेकिन तब तक हाथी की मौत हो चुकी थी।

हाथी की मौत की पुष्टि होने के बाद वन विभाग की टीम ने घटनास्थल पर ही शव को दफनाने के लिए गड्ढा खुदवाना शुरू किया। इस पर भड़के ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि हाथी द्वारा करीब 10 एकड़ में लगी फसल को पूरी तरह बर्बाद कर दिया गया है, इसलिए जब तक फसल नुकसान का मुआवजा नहीं मिलता, वे शव को नहीं दफनाने देंगे।

ग्रामीणों के कड़े विरोध के चलते शव को दफनाने की प्रक्रिया करीब छह घंटे तक रुकी रही। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नोवामुंडी वन विभाग के फॉरेस्टर आलोक कुमार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने का ठोस आश्वासन दिया। अधिकारियों की समझाइश के बाद ग्रामीण शांत हुए और हाथी को दफनाने की प्रक्रिया पूरी की गई। 01